किरेन रिजिजू ने सीआईबीएस में पारंपरिक कला अकादमिक ब्लॉक का भूमि पूजन किया
लेह। केंद्रीय बौद्ध अध्ययन संस्थान (सीआईबीएस), चोगलामसर के प्रस्तावित पारंपरिक कला अकादमिक ब्लॉक का भूमि पूजन समारोह शनिवार को संस्थान के परिसर में संपन्न हुआ। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भिक्षुओं की मौजूदगी में भूमि पूजन किया।
ये भवन 53.97 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। इसे पीएमजेवीके के तहत बौद्ध विकास योजना के अधीन अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित किया जा रहा है। इसमें भोट थंका पेंटिंग, भोट मूर्तिकला और भोट लकड़ी की नक्काशी के विभाग होंगे।
भूमि पूजन समारोह के समापन पर संस्थान के आर्य नागार्जुन सभागार में किरेन रिजिजू के सम्मान में एक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एडवोकेट ताशी ग्याल्सन अध्यक्ष/सीईसी, एलएएचडीसी, त्सेरिंग अंगचुक उप अध्यक्ष/ईसी एलएएचडीसी, डॉ. पवन कोतवाल उप राज्यपाल के सलाहकार, पद्मा अंगमो, उच्च शिक्षा आयुक्त/सचिव और अन्य मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ने धम्म दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद संस्थान के कुल गीत (विश्वविद्यालय गान) का गायन हुआ और पाली में मंगलाचरण की प्रस्तुति हुई। इसके बाद सीआईबीएस लेह के उप कुलपति प्रो. राजेश रंजन ने केंद्रीय मंत्री और कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को खडगों से सम्मानित किया।
किरेन रिजिजू ने संस्थान की भविष्य की योजनाओं के लिए अपने मंत्रालय की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। कहा कि सीआईबीएस के सोवा रिग्पा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के निर्माण के साथ-साथ स्मारिका दुकान के निर्माण के प्रस्तावों को भी जल्द ही मंजूरी दी जाएगी। संस्थान के छात्रों ने एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. कोंचोक रिग्जेन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया।