संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। लीजेंड मास्टर्स इंटर स्टेट वेटर्न टी20 क्रिकेट चैंपियनशिप में मेजबान जम्मू-कश्मीर और विदर्भ की टीम ने फाइनल में जगह पक्की कर ली है। फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। एमए स्टेडियम में शुक्रवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में विदर्भ वेटर्न ने आईएफसीआर नॉर्थ की टीम को 173 रनों के बड़े अंतर से हराया। विदर्भ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। क्रांति और राहुल ने 10 ओवर में पहले विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी की। उनकी इस साझेदारी की बदौलत टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 208 रन बनाए। विक्रम बत्रा ने 67, क्रांति ने 55 और राहुल ठाकुर ने 42 रन बनाए। आईएफसीआर के लिए आनंद शर्मा और सुरिंदर शर्मा ने एक-एक विकेट झटका। 209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आईएफसीआर की टीम मात्र 35 रन पर ढेर हो गई। श्रीधर ने चार, ऋषि ने तीन, जबकि मनीष और अभिजीत ने एक-एक विकेट लिया। विदर्भ के श्रीधर को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दूसरे सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर की टीम एसोसिएशन ने मुंबई को सात विकेट से माता दी। मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। लेकिन जम्मू-कश्मीर की शानदार गेंदबाजी के आगे मुंबई वेटर्न की पूरी टीम 19 ओवर में 84 रन पर आउट हो गई। मेजबान टीम के कप्तान विवेक सूरी, फहीम टाक और राजेश ने दो-दो विकेट जबकि सचिन और विक्की रैना ने एक-एक विकेट झटका। 85 रनों का पीछा करते हुए टीम ने 13.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सुरिंदर काचरू ने 32, सुनील बाली ने 29 और राजेश्वर ने 16 रन बनाए। विवेक सूरी को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।