पुंछ। मेंढर में नियंत्रण रेखा पर स्थित मनकोट सेक्टर में शुक्रवार को सेना ने फैंसिंग के आगे बारूदी सुरंग बरामद की। इसे बाद में सेना के बम निरोध दस्ते के सहयोग विस्फोट कर नष्ट कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर बाद जिले के मनकोट सेक्टर में तैनात सेना का दल बलनोई क्षेत्र में फेंसिंग के पास नियमित गश्त कर रहा था। तभी जवानों ने क्षेत्र में एक जंग लगी पुरानी बारूदी सुरंग देखी। क्षेत्र की घेराबंदी कर बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया। दस्ते ने बारूदी सुरंग को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर विस्फोट कर नष्ट कर दिया।
बता दें, पुंछ जिले में सेना द्वारा घुसपैठ रोधी बाधा प्रणाली के रूप में नियंत्रण रेखा पर आगे के क्षेत्र में बारूदी सुरंगें बिछा रखी हैं।कभी-कभी कोई बारूदी सुरंग बारिश से बह कर आगे पीछे निकल जाती है। इन पर पैर पड़ने से कई बार सेना के जवान भी घायल हो जाते हैं। ऐसे में समय पर बारूदी सुरंग बरामद होने से एक बड़ा हादसा टल गया।