गांव ब्यासपुर परलाह के लोगों को बैंक न होने से हाेती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। सुचेतगढ़ ब्लाॅक के गांव ब्यासपुर परलाह में जम्मू व कश्मीर बैंक की शाखा खोलने के लिए पंचायत के सरपंच शशि कुमार, उप सरपंच राकेश सिंह और अन्य पार्षदों की मौजूदगी में शुक्रवार को पंचायत घर में चार जगहों को चिन्हित कर प्रस्ताव पारित कर दिया गया है।
गांव के लोगों की तरफ से सरपंच को लिखित में अर्जी देकर बैंक की शाखा खोलने के लिए चार जगह चिन्हित करके उनके समक्ष रखी गई थी। उसके बाद सरपंच और अन्य पंचों की मौजूदगी पर चार स्थानों पर सहमति बनाई गई है। उसके बाद पंचायत की तरफ से एक प्रस्ताव बैंक की शाखा खोलने के लिए पारित कर दिया गया है। पंचायत के प्रतिनिधियों की तरफ से प्रथम श्रेणी में पंचायत के अधीन मैदान, दूसरी श्रेणी में बंद पड़ा गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल, तीसरी श्रेणी में पंचायत में सामुदायिक भवन और चौथी श्रेणी में सोसाइटी की जगह को रखा गया है। अब जिला मजिस्ट्रेट जम्मू से इसकी मंजूरी ली जाएगी। उसके बाद जम्मू व कश्मीर बैंक के जोनल हेड क्वार्टर में मंजूरी की अर्जी को जमा करवा दिया जाएगा। फिर आगे की कार्यवाही बैंक अपने तौर पर करेगा।
गौरतलब है कि गांव में बैंक की शाखा खोलने के लिए स्थानीय लोगों का प्रतिनिधिमंडल जम्मू कश्मीर बैंक के जोनल हेड क्वार्टर जम्मू में जाकर जोनल हेड अधिकारी से मिला था। गांव में बैंक की शाखा खोलने की मांग रखी गई थी। उसके दो दिन बाद जम्मू व कश्मीर बैंक के अधिकारी गांव में सर्वे करने पहुंचे थे। गांव के लोगों को आज भी 10 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद बैंक में पैसे जमा करवाने के लिए जाना पड़ता है।