संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। गांव फ्लोरा में जमीन के विवाद को लेकर बुजुर्ग विधवा महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। पीटे जाने से बुजुर्ग महिला को गंभीर चोट आई है। और उसका उपचार मेडिकल कॉलेज जम्मू में चल रहा है।
बुजुर्ग विधवा महिला की मारपीट का वीडियो भी सामने आया, जिसमें एक युवक की ओर से मारपीट की जा रही है। आरएस पुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। ये पूरा मामला सीमावर्ती गांव फ्लोरा का है। बताया जा रहा है कि गुरदेव कौर का देवर त्रिलोक सिंह के साथ जमीन विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले ही कोर्ट ने इस जमीन विवाद में चलते गुरदेव कौर के हक में फैसला सुनाया था। इसके चलते शनिवार को गुरुदेव कौर खेतों में काम कर रही थी। इस दौरान उसके देवर के बेटे प्रवीण सिंह ने उस पर हमला कर बुरी तरह से मारपीट की। किसी ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में युवक की तरफ से वृद्ध विधवा महिला के साथ मारपीट की जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने हरकत में आते ही कार्रवाई कर आरोपी युवक को भी हिरासत में ले लिया और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। घायल गुरुदेव कौर का मेडिकल कॉलेज जम्मू में उपचार चल रहा है। आरएस पुरा पुलिस मामले में आगामी जांच में जुटी है।