लद्दाख के नवनिर्वाचित सांसद हाजी हनीफा जान ने मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने भारत में अयातुल्ला खामनी के प्रतिनिधि अयातुल्ला मेहदीवीपुर से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान सांसद के साथ एलएचडीसी के अध्यक्ष मोहम्मद जाफर अखून व अन्य स्थानीय नेता मौजूद रहे।
विज्ञापन
हाजी हनीफा जान ने स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर लद्दाख में जीत दर्ज की है। हनीफा को 65,259 वोट मिले थे। उन्होंने 27, 862 वोटों से जीत दर्ज की। इस सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार सेरिंग नामग्याल को 37,397 वोट मिले। भाजपा के ताशी ग्यालसन को 31,956 मत मिले थे।
हनीफा नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता रहे हैं। हनीफा ने कांग्रेस द्वारा इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार के रूप में नामग्याल को मैदान में उतारने के बाद अपनी पूरी कारगिल इकाई के साथ पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद वह स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे और जीत दर्ज कराई। वह शिया मुस्लिम बहुल कारगिल क्षेत्र से एकमात्र उम्मीदवार थे। अन्य दोनों उम्मीदवार लेह से मैदान में उतरे थे।
विज्ञापन
अब कांग्रेस के साथ हनीफा की मुलाकात के बाद राजनीति माहौल में चर्चाओं का दौर तेज है। कयास लगाए जा रहे हैं कि हनीफा विपक्ष के साथ इंडिया गठबंधन में शामिल हो सकते हैं।