- टाइगर्स ऑफ कोलकाता के खिलाफ एक ओवर में तीन रन देकर झटके दो विकेट
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। किश्तवाड़ का लाल बशरत हुसैन वानी आईएसपीएल में माझी मुंबई के लिए कमाल कर रहा है। बशरत ने माझी मुंबई के लिए शुक्रवार को आईएसपीएल के पांचवे मुकाबले में टाइगर्स ऑफ कोलकाता के विरुद्ध एक ओवर में तीन रन देकर दो विकेट चटकाए। हालांकि, यह मुकाबला माझी मुंबई 26 रनों से हार गई। अमिताभ बच्चन की टीम माझी मुंबई की ओर से खेलते हुए बशरत ने खेले दो मुकाबलों में पांच विकेट लिए है और इसी के साथ वह माझी मुंबई के टॉप विकेट टेकर बन गए हैं।
श्रीनगर के वीर के खिलाफ छह फरवरी को पहले मुकाबले में भी बशरत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे और मुंबई की जीत के हीरो रहे थे। मुंबई के दादोजी कोंडदेव स्टेडियम में टाइगर्स ऑफ कोलकाता की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में छह विकेट पर 71 रन बनाए और माझी मुंबई को जीत के लिए 72 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में माझी मुंबई की पूरी टीम 8.2 ओवर में 45 रन पर ही ऑल आउट हो गई और मुकाबला 26 रनों से हर गई।