अरनिया में किसान संपर्क अभियान के दूसरे दिन बताए मोटे अनाज के लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। पंचायत पचेल में किसान संपर्क अभियान के दूसरे दिन गांव कूल में किसानों को ज्वार, बाजरा, मशरूम, डेयरी, मधुमक्खी पालन और कृषि से संबंधित योजनाओं के बारे में बताया गया। कृषि विभाग अधिकारी महेश शर्मा ने बताया कि ज्वार, बाजरा और मोटे अनाज की पैदावार पर सरकार हर सुविधा दे रही है। बीज से लेकर फसल की कटाई तक योजनाओं से संबंधित सब्सिडी दी जा रही है। किसानों को बीज तैयार करने पर नकद प्रोत्साहन देने की योजना भी चलाई जा रही है।
पशुपालन विभाग के डॉ. शाहनवाज ने बताया कि डेयरी में किसान अच्छा भविष्य बना सकते हैं। सरकार एक गाय पर 45 हजार रुपये नकद दे रही हैं। साथ ही 50% सब्सिडी भी मुहैया की जा रही है। एक व्यक्ति 10 यूनिट यानी 20 गाय रखने की परियोजना बना सकता है। सरकार उसे 50% सब्सिडी देगी। उन्होंने बताया कि सब्सिडी के अलावा जानवरों के चारे के लिए केसीसी की सुविधा दी जा रही है। कार्यक्रम के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया और योजनाओं का फायदा लेने के लिए अपने आप को पंजीकृत करवाया। कई लोगों ने फॉर्म भर कर अधिकारियों को आवेदन दे दिया।