अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नाबालिग अपहरण मामले में आरोपी प्रोबेशनर सब इंस्पेक्टर सरदार अली और प्रॉपर्टी डीलर मुज्जफर हुसैन को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। साथ ही विभागीय जांच शुरू हो गई है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि अपहरण के बाद नाबालिग को बजालता में किसी जगह रखा था। बाग-ए-बाहु पुलिस ने रामबन जिला पुलिस को पत्र लिखकर सब इंस्पेक्टर की गतिविधियों की जानकारी मांगी है। सरदार की पूर्व की गतिविधियों के बारे पता किया जा रहा है। 2010 में वह बतौर कांस्टेबल भर्ती हुआ था। 2019 में सब इंस्पेक्टर पद पर नियुक्त हुआ। तब से लेकर अब तक कहां रहा, उसकी जांच की जा रही है। वहीं पीड़ित नाबालिग के शुक्रवार को अदालत में बयान दर्ज हो सकते हैं। हालांकि पूछताछ में उसके बयान बदल रहे हैं। आरोपियों ने बताया कि लड़की ने फोन कॉल कर बुलाया था।
मुज्जफर की जानकार थी नाबालिग
मुज्जफर हुसैन की नाबालिग से आरोपी की पहले से जान पहचान थी। अपहरण के वक्त मुज्जफर नाबालिग के साथ था। होटल में रुकने से पहले भी उसी के साथ थी। पुलिस की ओर से उस होटल की सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया है, जहां पर नाबालिग को रखा गया था। कई ऐसी जगह की भी फुटेज कब्जे में ली है, जहां नाबालिग को रखा गया था।