जम्मू से क्षीर भवानी की पूजा करने के लिए रवाना होते भक्त
- फोटो : अमर उजाला
कश्मीर स्थित क्षीर भवानी मेले के लिए शुक्रवार को जम्मू से कश्मीरी पंडित समुदाय के करीब 4500 श्रद्धालु कड़ी सुरक्षा के बीच तुलमुला पहुंचे। मंडल आयुक्त रमेश लंगर ने यात्रा को नगरोटा से झंडी दिखाई। 28 मई को क्षीर भवानी के दरबार में वार्षिक धार्मिक मेले का आयोजन किया जाना है।
मंडल आयुक्त रमेश कुमार ने कहा कि तीर्थ यात्रा की सफलता के लिए सुरक्षा बलों की पुख्ता इंतजाम किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार भारत समेत अन्य देशों से करीब 60000 कश्मीरी पंडितों के मेले में शामिल होने की उम्मीद है।
गांदरबल जिले के राघेन्या मंदिर में तैयारियां की गई हैं। धर्मार्थ ट्रस्ट के अनुसार व्यवस्थाएं भी पूरी हो चुकी हैं। रात्रि विश्राम के लिए टेंट लगाए गए हैं। 50 शौचालयों को चालू कर दिया है। भीड़ को देखते हुए कंबलों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
पानी व बिजली की व्यवस्था भी है। माता क्षीर भवानी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष किरण वत्तल ने कहा कि उप राज्यपाल प्रशासन और पुलिस की ओर से पर्याप्त व्यवस्था की गई है। पहली बार इस तरह के प्रबंध देखने को मिल रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश से आए श्रद्धालु राजिंद्र रैना ने कहा कि 11 साल बाद दर्शन करने आ रहे हैं। बेहतर इंतजाम है। कालांकि पार्किंग थोड़ी दूर है।
यात्रा रवाना से पहले की गई सघन जांच
यात्रा रवाना करने से पहले यात्रियों के बैग समेत वाहन में सघन तलाशी ली गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने स्निफर डॉग, मेटल डिटेक्टर आदि की व्यवस्था की थी। यात्रा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिक संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।