अखनूर। मैरा मान्द्रियां तहसील की पंचायत घराटल में विशाल केसरी दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में जिला विकास परिषद के सदस्य सुरेश शर्मा मुख्य अतिथि थे। दंगल में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल से कई राष्ट्रीय स्तर के नामी पहलवानों ने हिस्सा लेकर कुश्ती में जौहर दिखाए। दंगल में 60 से अधिक कुश्तियां हुईं, जिसमें अधिकांश रोमांचक रहीं। दंगल के दौरान आस पास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में दर्शक इस रोमांचक दंगल को देखने पहुंचे थे।
दंगल में पहली माली की कुश्ती डेरा बाबा नानक के मेजर पहलवान और दिल्ली के सुमित पहलवान के बीच हुई। बेहद रोमांचक रही 51 हजार की इस माली को मेजर पहलवान ने जीतकर घराटल केसरी दंगल को अपने नाम किया। वहीं दूसरा मुकाबला दिल्ली के युद्धवीर और नरगाड़ा के आमिर खान के बीच हुआ। इसमें दिल्ली के युद्धवीर ने जीत दर्ज की। यह माली 31 हजार की थी।
इस दौरान मुख्यातिथि सुरेश शर्मा ने कहा कि कुश्ती जम्मू कश्मीर की डोगरा संस्कृति का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कुश्ती हमारा पुश्तैनी खेल है और इससे जुड़े युवा हमेशा मानसिक व शारिरिक रूप से मजबूत रहते हैं। उन्होंने कहा, इस खेल से जुड़े युवा सदैव नशे जैसी बुराई से दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि युवा भारत देश का भविष्य हैं और ऐसे आयोजनों में उन्हें बढ़चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं से खेलों में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की। उन्होंने युवाओं को देश के प्रति हमेशा समर्पित रहने को कहा।
इस मौके पर पूर्व सरपंच अजीत सिंह, पूर्व सरपंच तरलोचन दत्त, भजपा मंडल प्रधान डॉ. राम लाल, परमानन्द शर्मा, रिटायर्ड कर्नल चमन लाल, बिशन लाल, सतपाल, उत्तमचंद, अश्वनी कुमार, गुलशन कुमार, सूरज मंगोत्रा, जीवनलाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कैप्शन। पहली माली की कुश्ती के दौरान पहलवानों के साथ मौजूद दंगल कमेटी के सदस्य एवं मुख्यातिथि।