राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू के ब्याज हॉस्टल में रविवार की रात द केरल स्टोरी फिल्म को लेकर हुए विवाद के चलते छात्रों के दो गुटों में भिड़ंत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इसमें बीच बचाव करने आए एक अंतिम वर्ष का छात्र घायल हुआ है। इसे लेकर सोमवार को एमबीबीएस के छात्रों ने प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों में शामिल छात्रों का कहना है कि विवाद रविवार की रात प्रथम वर्ष के छात्रों द्वारा ऑनलाइन बनाए गए स्टडी ग्रुप में फिल्म केरल स्टोरी को लेकर शुरू हुआ। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अन्य छात्रों ने बाहरी लोगों के साथ मिलकर उनके साथ हाथापाई की है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि ऐसा विद्यार्थियों के साथ फिर न हो।
एसएसपी जम्मू चंदन कोहली ने कहा कि जीएमसी जम्मू के बॉयज हॉस्टल में कुछ छात्रों और बाहरी लोगों के बीच हाथापाई हुई है। मामले का संज्ञान लिया गया है और इसमें जांच जारी है।
महबूबा मुफ्ती ने केंद्र सरकार को घेरा
इस मामले को लेकर पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि केंद्र सरकार हिंसा और सांप्रदायिक आग भड़काने वाली फिल्मों को प्रोत्साहित कर रही है और उन्हें बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि अपने तुच्छ चुनावी लाभ के लिए भाजपा द्वारा निर्दोषों का खून बहाया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा, 'उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अनुरोध है कि जीएमसी जम्मू मामले में संज्ञान लें और दोषियों को सजा दिलाएं।'
फिल्म 'द केरल स्टोरी' को लेकर देशभर में विवाद छिड़ा हुआ है। इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिल्म के निर्देशक सुदीप्तो रॉय हैं। और इसमें अदा शर्मा ने मुख्य भूमिका निभाई है। विवाद के बीच भी बॉक्स ऑफिस पर लगातार धमाल मचा रही है। टिकट खिड़की पर फिल्म की रफ्तार कम होती नहीं दिख रही है।