संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। निजी स्थानों पर चल रहे कुल 615 आंगनबाड़ी केंद्रों को सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने के साथ ही नए खुलने वाले मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों की भी अब कवायद शुरू हो गई है। वीरवार को डीसी कार्यालय परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक के दौरान चरणबद्ध तरीके से चिह्नित आंगनबाड़ी केंद्रों के स्थानांतरण के रोडमैप पर चर्चा की गई।
डीसी राकेश मिन्हास की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा समय में जिले के कुल 615 आंगनबाड़ी केंद्र निजी भवनों में चल रहें है। जबकि 18 नए खुलने वाले मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए जिला प्रशासन से उपयुक्त भूमि की आवश्यकता होगी। इस मौके पर जिला के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सरकारी स्कूल भवन में 346 आंगनबाड़ी केंद्रों को समायोजित किया जा सकता है, जिसके लिए उनके कार्यालय द्वारा पहले ही अभ्यास किया जा चुका है। इसके बाद डीसी ने जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी को स्कूलों के मौजूदा भवनों में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित करने के लिए तौर-तरीके तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने आगे कहा कि मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित करने के लिए राज्य की भूमि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में पीओ आईसीडीएस बशारत हुसैन, एडीसी दीपिका राणा, एसीडी, सीईओ और सीडीपीओ शामिल हुए।