आरएस पुरा। राष्ट्रीय पोषण माह के शुरुआत मौके पर सीडीपीओ कार्यालय आरएस पुरा से वीरवार को जागरूकता रैली निकाली गई। इसे एसडीएम रामलाल शर्मा ने हरी झंडी दिखाई।
सीडीपीओ अतिक्षा सेठी के नेतृत्व में निकाली गई रैली में आंगनबाड़ी वर्कर्स तथा हेल्पर शामिल थे। सीडीपीओ कार्यालय परिसर से शुरू हुई जागरूकता रैली कई स्थानों से होकर गुजरी। एसडीएम रामलाल शर्मा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन से क्षेत्र के लोगों में जागरूकता पैदा होगी। हर माता-पिता को जानकारी मिलेगी कि किस प्रकार का बच्चों को बेहतर आहार देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में बच्चे जंक फूड की तरफ ज्यादा अग्रसर हो रहे हैं, जो बच्चों की सेहत के लिए हानिकारक है। एक माह तक चलने वाले राष्ट्रीय पोषण माह में सीडीपीओ कार्यालय की तरफ से कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।