जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय में पीजी डिग्री व डिप्लोमा कोर्स में ऑनलाइन प्रवेश प्रकिया शुरू हो गई है, जो 28 अगस्त तक जारी रहेगी। नई शिक्षा नीति के तहत नियमित छात्रों की तर्ज पर दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के विद्यार्थी भी नया पाठ्यक्रम पढ़ेंगे। स्नातक पास या स्नातक छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं देने वाले छात्रों को विभिन्न कोर्स में प्रवेश दिया जा रहा। निदेशालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार कॉमर्स, एमकॉम, पीजी डोगरी, अर्थ शास्त्र, अंग्रेजी, हिंदी, राजनीति विज्ञान, समाज शास्त्र, उर्दू, पंजाबी में डिग्री करवाई जाएगी। ज्ञानी में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी शुरू किया है। इससे पहले छात्रों को ज्ञानी की पढ़ाई करने के लिए पंजाब या अन्य राज्यों के विश्वविद्यालयों में जाना पड़ता था।
पीजी इंग्लिश, हिंदी, उर्दू और राजनीति विज्ञान का दाखिला शुल्क 9590, समाज शास्त्र का 11380, डोगरी का 9590, अर्थ शास्त्र का 9590, कॉमर्स (एमकॉम) का 8590 और पंजाबी का 9590 रुपये दाखिला शुल्क रखा गया है। पीजी डिप्लोमा कोर्स इन बिजनेस मैनेजमेंट और ज्ञानी का 8975 दाखिला शुल्क है। छात्रों को ऑनलाइन फार्म की प्रतिलिपि सभी अनिवार्य दस्तावेजों के साथ निदेशालय के संबंधित कार्यालय में जमा करवानी होगी। संवाद
पीजी रेगुलर दाखिले जल्द
जम्मू विश्वविद्यालय और इसके अधीन कॉलेजों में पीजी में सीयूटी के आधार पर रेगुलर दाखिला दिया जाएगा। विवि की अकादमिक मामलों की डीन की ओर से दाखिले से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है। बताया गया है कि इसके लिए स्नातक में न्यूनतम 55 फीसदी अंक होने चाहिए। एससी और एसटी के 50 फीसदी अंग अनिवार्य हैं। दाखिले से संबंधित अन्य जानकारी जल्द ही विश्वविद्यालय की साइट पर अपलोड कर दी जाएगी। संवाद