संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ म्यूजिक एंड फाइन आर्ट्स का मूल ढांचा कमजोर है। अभी तक इमारत का भी जीर्णोद्धार नहीं किया गया है। छात्रों को कहना है कि बारिश में छत टपकने से परेशानी होती है। कमरों में रखा सामान भीग जाता है। जीर्णोद्धार के लिए प्रशासन को प्रस्ताव भेजा था, लेकिन ठंडे बस्ते में है। वर्तमान में 250 छात्र यूजी की पढ़ाई कर रहे हैं। इस सत्र से पीजी प्रोग्राम भी शुरू किया जाना है। इसमें करीब 90 छात्रों के दाखिला लेने की उम्मीद जताई है। छात्रों ने प्रदर्शन कर संस्थान को शिफ्ट करने या नई इमारत का निर्माण करने की मांग उठाई थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। आईएमएफए के प्राचार्य प्रोे. शोभ इनायत मलिक ने कहा कि प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। राशि जारी होते ही इमारत का जीर्णोद्धार किया जाएगा।