पुलिस लाइन क्षेत्र में मिनी बस से उतरते समय हुई घटना, आरोपी गिरफ्तार, गन जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मिनी बस से उतरते समय एक निजी सुरक्षाकर्मी की गन से गोली चल गई। यह गोली उस बस में सवार हो रहे जम्मू विश्वविद्यालय के एक सहायक प्रोफेसर की बायीं हाथ में जा लगी। यह घटना पुलिस लाइन क्षेत्र में हुई। पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ उक्त सुरक्षाकर्मी को गिरफ्तार कर गन जब्त कर ली है।
बुधवार को त्रिकुटा नगर से पंजतीर्थी जा रही मिनी बस में यह घटना हुई। राजोरी-कालाकोट के रहने वाले सुरजीत सिंह एक ज्वैलरी शाॅप पर सुरक्षाकर्मी है। वह अपनी 12बोर की शार्टगन लेकर मिनी बस में बैठा था। वह दुकान के बाहर उतर रहा था, तभी अचानक गन से गोली चल गई, जो उसी बस में चढ़ रहे एक सहायक प्रोफेसर के हाथ में लग गई। घायल की पहचान भारती राजा निवासी तमिलनाडु के रूप में हुई है। वह जम्मू विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद वापस भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि सहायक प्रोफेसर भारती जम्मू विवि जा रहे थे। वहीं पुलिस ने लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि गोली दुर्घटनावश चली। गांधी नगर पुलिस थाने में आईपीसी 336, 337 और 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। सुरक्षाकर्मी सुरजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उसकी गन जब्त कर ली गई है।