जम्मू। जम्मू के गुलशन ग्राउंड में नौ महीने बाद वीरवार से जम्मू-कश्मीर पुलिस में बॉर्डर बटालियन की भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू हुई। जम्मू संभाग के सीमांत क्षेत्रों के युवाओं के लिए आयोजित कांस्टेबल की भर्ती में वीरवार को शारीरिक मापदंड की परीक्षा हुई। कोरोना काल के कारण मार्च में भर्ती प्रक्रिया को स्थगित किया गया था। वीरवार को 800 के करीब उम्मीदवार गांधीनगर स्थित गुलशन ग्राउंड में पहुंचे थे। इस दौरान कोरोना निगेटिव रिपोर्ट वाले उम्मीदवारों को प्रवेश दिया गया। भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने वाले उम्मीदवारों की एक हजार मीटर दौड़ के साथ छाती का माप, लंबाई जांची गई। भर्ती के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की हर पहलू पर शारीरिक जांच की। भर्ती के दौरान कुछ युवाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें दौड़ के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। युवाओं ने कहा कि कई महीने से भर्ती के लिए प्रशिक्षण कर रहे हैं और यहां पर उन्हें पर्याप्त समय नहीं मिलना गलत है।