अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। डेंगू से बचाव के लिए नगर निगम जम्मू (जेएमसी) ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में जेएमसी आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने विभिन्न वार्डों का मंगलवार को दौरा किया और प्रबंधों का जायजा लिया।
अपने दौरे के दौरान आयुक्त ने वार्ड नंबर 63, 64, 65, 66 और 67 फॉगिंग अभियान तेज करने के निर्देश दिए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करना है। इससे डेंगू से बचाव हो सकेगा। इस सार्वजनिक स्वास्थ्य चिंता से निपटने में सामूहिक प्रयासों के महत्व पर जोर देते हुए आयुक्त ने लोगों से घरों और आसपास इलाकों में एकत्रित पानी का निपटान करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अपने घरों और इसके आसपास पानी जमा न होने दें। डॉ. यादव ने फॉगिंग टीम को अपने कार्यों में तेजी लाने, जेएमसी के अधिकार क्षेत्र के तहत सभी वार्डों को जल्द कवर करने का निर्देश देते हुए कहा कि ठोस प्रयास से डेंगू के खतरे को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है।