संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) ने विभिन्न आयु वर्गों के चयनकर्ताओं जैसे सीनियर चयन समिति, जूनियर चयन समिति (महिला-पुरुष) के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए आवेदन प्राप्त हो गए हैं। इन्हें अब्दुल कयूम और डॉ. रूपाली स्लाथिया की दो सदस्यीय क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) के समक्ष रखा जाएगा। प्रथम श्रेणी के दोनों खिलाड़ियों का चयन जेकेसीए की उपसमिति ने सत्र 2023-24 के लिए किया है। साक्षात्कार के बाद उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। यही नहीं, विभिन्न चयन समितियों के चयन के बाद जेकेसीए की अलग-अलग टीमों के लिए कोच व सपोर्ट स्टाफ के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी।
बुची बाबू इनविटेशन टूर्नामेंट के लिए 17 अगस्त को टीम होगी रवाना
जेकेसीए के सदस्य प्रशासन ब्रिगेडियर अनिल गुप्ता (सेवानिवृत्त) ने कहा कि अब तक (अप्रैल-जुलाई) तीन चयन, तीन शारीरिक फिटनेस, तीन कौशल विशिष्ट और छह प्री सीजन शिविर लगाए जा चुके हैं। अगस्त से फरवरी के बीच 17 शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव है। वहीं, जेकेसीए सीनियर पुरुष टीम पहली बार तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (टीएनसीए) के बुची बाबू ऑल इंडिया इनविटेशन क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेगी। सदस्य क्रिकेट संचालन एवं विकास मिथुन मन्हास ने कहा कि यह एक बहु दिवसीय टूर्नामेंट है। इसमें 12 टीमें भाग ले रही हैं। इसके लिए जेकेसीए की टीम 17 अगस्त को रवाना होगी।