संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। उत्तर भारत के सबसे बड़े झिड़ी मेले का उद्घाटन 26 नवंबर को होगा। इसमें जम्मू-कश्मीर से ही नहीं बल्कि बाहरी राज्यों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु बाबा जित्तो के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। मेले को मात्र दो दिन बाकी हैं और प्रशासन की ओर से जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। दुकानें सज गई हैं। झूले भी लगाए जा रहे हैं। बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी के मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों और लाइटिंग से सजाया गया है। राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल झिड़ी में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं, ताकि दूरदूराज से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को यहां ठहराया जा सके। मेले में मिठाई, खिलौनों, क्रॉकरी, साज-शृंगार और खाने-पीने की दुकानें सज गई हैं। मंदिर के पास दुकानें लगने से अभी से लोगों की चहल-चहल शुरू हो गई है। बाहरी राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। झिड़ी मेले में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रंग-बिरंगे खिलौने होते हैं। मेले में खिलौना का काफी अच्छा कारोबार होता है। इसके लिए दूसरे राज्यों से भी विक्रेता पहुंचते हैं। ज्यादातर खिलौने बेचने वाले जयपूर, जोधपूर, अजमेर, पंजाब और दिल्ली से आते हैं। झूले और सर्कस भी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहते हैं।
डीसी और एसएसपी ने किया मेला स्थल का दौरा
डीसी सचिन कुमार वैश्य और एसएसपी जम्मू ने शुक्रवार को झिड़ी मेला स्थल का दौरा किया। उन्होंने मेले में सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। साथ ही पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया। डीसी ने मेले में आने वाले लोगों को सभी सुविधाएं मुहैया करवाने के अधिकारियों को निर्देश दिए।