-पंचायत घार, मजूर व कनेडी में लगाए जनता दरबार, कई समस्याओं का मौके पर किया समाधान
अखनूर। भाजपा नेता एवं जिला विकास परिषद सदस्य पंडित सुरेश शर्मा ने ब्लॉक चौकी चौरा की पंचायत घार, मजूर, कनेडी में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनता दरबार लगा लोगों की समस्याएं सुनीं। दरबार में तीनों पंचायत के लोगों ने अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाईं। सुरेश शर्मा ने परेशानियों का अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। कुछ समस्याओं का मौके पर समाधान कर दिया गया।
सुरेश शर्मा ने कहा कि ब्लॉक मैरा मांदरेया और चौकी चौरा में तीव्र गति से विकास कार्य किए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत पंचायत घार में 2.80 करोड़, मजूर में 2.55 करोड़, कनेडी में 3.45 करोड, बुद्ध चेड़ाई में 2.35 करोड़ की राशि पानी की नई परियोजनाओं पर खर्च की जा रही है। निर्माण पूरा होने पर पानी की समस्या से निजात मिलेगी। पंचायत कनेडी में 50 लाख की लागत से नए चेकडैम का निर्माण किया गया है। पंचायत मजूर के गांव संडल चंग में 1.12 करोड़ से सिंचाई की नई परियोजना का निर्माण चल रहा है। हर गांव मोहल्ले को पक्की सड़क के साथ जोड़ने का प्रयास जारी है। जिन गांवों में लो वोल्टेज की समस्या थी वहां नए ट्रांसफार्मर लगाए हैं। कुछ आने वाले दिनों में लगाए जाएंगे। पंचायत मंजूर के आयुर्वेदिक अस्पताल और पंचायत घार के प्राइमरी हेल्थ सेंटर का बचा निर्माण पूरा किया गया है। एक्सीडेंटल हॉस्पिटल चौकी चौरा को नए उपकरणों के साथ लैस किया है। चौकी चौरा में डिग्री कॉलेज बनाने को लेकर प्रयास जारी हैं। केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, लाडली बेटी, सुकन्या योजना, मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री ग्राम आवास योजना के तहत पंचायत घार में 85, मजूर में 145, कनेडी में 120 पक्के घर बन रहे हैं।
जनता दरबार में ब्लॉक विकास अधिकारी चौकी चौरा तस्लीम वानी, सहायक कार्यकारी अभियंता बाढ़ नियंत्रण विभाग जगमोहन, नायब तहसीलदार श्यामलाल, तहसील आपूर्ति अधिकारी एसडी मन्हास, अभियंता बालकृष्ण, मुजीद चौधरी, नीरज कुमार, अंशुल शर्मा, एईओ गारूराम, पूर्व सरपंच मदनलाल चुन्नीलाल, पुरुषोत्तम लाल, सतपाल, मोहनलाल, दीपक कुमार, संजय कुमार, विजय कुमार, कैप्टन जगदीश राज पीआर शर्मा, मोहनलाल, बलदेव राज, पवन कुमार, सुभाष शर्मा उपस्थित रहे।