जम्मू। मोटर व्हीकल विभाग की ओर से जम्मू विश्वविद्यालय में सड़क सुरक्षा उपायों पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर के सहयोग से इस संगोष्ठी का आयोजन किया गया था।इस दौरान परिवहन आयुक्त प्रदीप कुमार मुख्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान परिवहन आयुक्त ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों को लागू करने के साथ सड़क सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूकता की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करवाने के लिए लोगों की मानसिकता में बदलाव लाने की जरूरत है। इस तरह के कार्यक्रम से यातायात नियमों का पालन करने के प्रति लोगों को जागृत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और इसमें छात्र, युवा और विद्वान की सक्रिय भागीदारी के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाना चाहिए। संगोष्ठी में जीजीएम साइंस कॉलेज के कननू शर्मा ने पहला जबकि निकिलेश खजूरिया ने दूसरा पुरस्कार जीता। गांधीनगर वूमेन कॉलेज के आंचल भट्ट ने तीसरा पुरस्कार जीता। इसके दौरान जीजीएम साइंस कॉलेज के उज़मा,पारुल शर्मा और जीडीसीसी सिधरा के वसीक-उल-हसन ने सांत्वना पुरस्कार जीता। इस दौरान एसएसपी ट्रैफिक जम्मू शिव कुमार शर्मा, आरटीओ जम्मू धंतर सिंह और मोटर व्हीकल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।