अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नए साल के पहले दिन कोविड़-19 के चलते इस साल जश्न का माहौल थोड़ा
फीका ही रहा। पर लोग एक-दूसरे को बधाइयां देते हुए नज़र आए और सभी ने
उम्मीद जताई की आने वाला साल सबके जीवन में खुशहाली लेकर आएगा। सोशल
मीडिया पर दिनभर शुभकामनाओं के संदेश जारी रहे। वहीं सुबह से ही मंदिरों
में दर्शन और पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे। इस बार
धूमधड़ाके वाले कार्यक्रम अधिक आयोजित नहीं किए गए, साथ ही किसी भी
सार्वजनिक स्थानों पर भी धमाल अधिक नहीं देखा गया। नए साल के जश्न का
सिलसिला वीरवार की रात से ही शुरू हो गया था। रात के 12 बजते ही आतिशबाजी
और धमाकों के साथ नए साल का आगाज हुआ। लोगों ने इस साल कोरोना के ड़र से
घरों में ही पार्टियां आयोजित की। इसका एक कारण यह भी रहा कि प्रशासन ने
देर रात इस बार सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रमों और पार्टी करने की
अनुमति नहीं दी। इस बार लोगों ने बेहद ही सादगी भरे तरीके के साथ नए साल
की शुरुआत की।
हरि सिंह पार्क में दिखी भीड़
नए साल के पहले दिन पर जश्न मनाने के लिए लोग हरि सिंह पार्क में बड़ी
संख्या में पहुंचकर। जहां पर युवा, बड़े-बुर्जु्ग, बच्चे सुनहरी धूप में
नए साल का लुत्फ उठाते हुए नज़र आए। बच्चे पार्क में खेलते और झूले लेकर
मज़े करते हुए दिखे तो बड़े कई मुद्दों पर चर्चा करते हुए खाते-पिते नए
साल पर जश्न मनाते हुए नज़र आए।
बावे वाली माता मंदिर में उमड़े श्रद्धालु
नए साल पर सुबह से बावे वाली माता के मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़
उमड़ती हुई नज़र आई। दिन ढ़लने का साथ ही भीड़ कम होने की वजह बढ़ती हुई
ही नज़र आई। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रण करने में पुलिस बलों और
स्वयंसेवकों के पसीने छूटते हुए नज़र आए। मां भगवती के दर्शन के लिए जम्मू
के आसपास केजिलों के भी कई श्रद्धालु पहुंचे। पूरा मंदिर परिसर मां बावे
वाली के जयकारे से गूंजता हुआ नज़र आया। हालांकि, भीड़ इतनी बढ़ गई कि
गाइड लाइन का पालन कराना भी बेहद मुश्किल हो रहा था। श्रद्धालुओं को
मास्क पहनकर ही मंदिर परिसर में जाने की अनुमति दी जा रही थी।
गुरुद्वारे में भी रही भीड़
सुबह से ही शहर के गुरुद्वारों में भीड़ दिखी। सुबह जल्दी ही श्रद्धालु
गुरुद्वारे में शीश नबाने के लिए पहुंचें। लोगों ने घर और संबंधियों की
सुख-समृद्धि की कामना के साथ नए साल की शुरुआत की। इसे लेकर गांधी नगर,
शास्त्री नगर, चांद नगर आदि जगहों पर स्थित गुरुद्वारों में भीड़ रही।
सोशल मीडिया पर सक्रियता
नए साल को लेकर सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा रौनक छाई रही। फेसबुक,
वाट्सएप, ट्विटर आदि सोशल साइट्स और मोबाइल एप पर लोग शुभकामना संदेश और
फोटो भेजते रहे। यह सिलसिला वीरवार को 12बजे के बाद ही शुरू हो गया।
लोगों ने एक-दूसरे को 2020 को भुलाकर 2021 में अच्छी शुरूआत करने का
संदेश दिया।