अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहरभर में पूरी आस्था के साथ कार्तिक शुक्ल अष्टमी पर रविवार को गोपाष्टमी मनाई गई। गोपाष्टमी के चलते मंदिरों, गौशालाओं और अन्य स्थानों पर गायों की पूजा की गई। गौशालाओं में पहुंचकर महिलाओं ने गायों की कुमकुम, हल्दी का तिलक लगाकर पूजा की। वहीं गायों को माला पहनाकर उनकी पूजा की गई, साथ ही परिवार में सुख-समृद्वि की कामना की। सुबह से ही गौशाला में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। इस मौके पर गायों को विशेष तौर पर गुड़ और चना खिलाया गया और साथ ही गायों का भी श्रृंगार किया गया। लोगों ने गौशाला में पहुंचकर गायों को चारा खिलाया और उनकी पूजा की। शहर के अंबफला स्थित गौशाला में गोपाष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं पहुंचे। सुबह-सुबह ही लोग गौ माता की पूजा करने के लिए गौशाला में पहुंचे। वहीं मंदिरों में भी लोग गोपाष्टमी पर पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचे। कई मंदिरों के बाहर लोगों द्वारा लंगर का भी आयोजन किया गया। जिसमें कोविड़-19 के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया गया। कोरोना के चलते इस साल गोपाष्टमी पर गौशाला में भी पिछले सालों के मुताबिक कम भीड़ रही।