अमर उजाला ब्यूरोजम्मू। नवोदय विद्यालयों में छठीं कक्षा में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। देशभर के राज्यों में नवोदय विद्यालयों में 52 हज़ार सीटों पर दाखिले के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय सिलेक्शन टेस्ट(जेएनवीएसी)2021 ता आयोजन किया जाएगा। नवोदय विद्यालय प्रशासन द्वारा दाखिले की प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी जो कि शुरू हो चुकी है और 15 दिसंबर 2020 तक चलेगी। नवोदय विद्यालय द्वारा प्रॉस्पेक्टस जारी कर दी गई है और साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दी गई है। नवोदय विद्यालय सिलेक्शन टेस्ट 2021 का आयोजन 10 अप्रैल 2021 को किया जाएगा।नवोदय विद्यालय में दाखिले के लिए कोई भी विद्यार्थी जो मान्यता प्राप्त बोर्ड वाले किसी भी सरकारी या निजी स्कूल में इस साल कक्षा पांचवीं में पढ़ रहे हों वह आवेदन कर सकते हैं। वहीं विद्यार्थी का पांचवीं कक्षा को उत्तीर्ण करना भी अनिवार्य होगा। साथ ही विद्यार्थी का जन्म 1 मई 2008 से पहले और 30 अप्रैल 2012 के बाद न हुआ हो यह देखना बेहद जरूरी है। यही आयु सीमा एससी, एसटी, ओबीसी और अन्य आरक्षित वर्गों पर भी लागू होती है। जवाहर नवोदय विद्यालय सिलेक्शन टेस्ट 2021 दो घंटे का आयोजित होगा जिसमें तीन सेक्शंस से सुल 80 प्रश्न होंगे। टेस्ट के लिए अधिकतम अंक 100 निर्धारित किए गए हैं।