अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। निदेशालय स्कूल शिक्षा विभाग कश्मीर उन प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ
सख्ती से पेश आएगा जो विभाग के निर्देशों के बाद भी स्कूल परिसर में
किताबें और यूनिफार्म बेच रहे हैं और साथ ही अभिभावकों को निर्धारित की
हुई दुकान से किताबें खरीदने का ज़ोर डाल रहे हैं। विभाग द्वारा जारी
अधिसूचना में बताया गया कि उनके पास कुछ स्कूलों की शिकायत आई है जो
स्कूल परिसर में ही यूनिफार्म और किताबें बेच रहे हैं और साथ ही किसी
प्राइवेट दुकानों से यह सब खरीदने के लिए अभिभावकों को मजबूर कर रहे हैं।
इसी के तहत सभी चीफ एजूकेशन आफिसरों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन
स्कूलों की शिकायत विभाग के पास आई है उनकी शिकायत पर जांच की जाए, जिसके
बाद उन स्कूलों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है। विभाग का कहना है
कि कुछ अभिभावकों पर स्कूलों द्वारा नई किताबें लगाने का भी बोझ डाला जा
रहा है जिससे कोरोना काल में अभिभावकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
वहीं जिन स्कूलों का नाम इसमें शामिल होगा उनसे एनओसी वापिस ले ली जाएगी।