जम्मू। रांग पार्किंग पर शुक्रवार को यातायात पुलिस ने कार्रवाई की। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से रांग पार्किंग में खड़ी 15 गाढ़ियों को ट्रैफिक पुलिस ने लिफ्ट कर लिया। इनके चालकों पर गाढ़ी उठाने का चार्ज भी लगाया गया है। वीरवार को जम्मू के मंडलायुक्त संजीव वर्मा ने शहर का दौरा किया था। दरबार मूव की तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे वर्मा ने देखा कि कई जगहों पर रांग पार्किंग है। जिसे हटाने के लिए निर्देश दिए गए थे। हालांकि शहर के कई बाजारों में अब भी रांग पार्किंग है। जानकारी के अनुसार शहर के शालामार, पुरानी मंडी और सुपर बाजार आदि में सड़कों के पास रांग पार्किंग है। जिस पर अब भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
ट्रैफिक पुलिस जम्मू के एसएसपी शिव कुमार शर्मा का कहना है कि शहर में रांग पार्किंग वाली 15 गाढ़ियां उठाई गई है। कार्रवाई करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। इस समय त्यौहारिक सीजन भी है। इसलिए शहर के तमाम व्यापार मंडल संगठन भी पुलिस का सहयोग करें। किसी भी बाजार में रांग और अवैध पार्किंग में वाहनों को न लगने दें। यदि कहीं पुलिस की ओर से कार्रवाई होती है तो उसमें भी सहयोग करें। इसी से शहर में यातायात व्यवस्था पटरी पर आएगी।
एसएसपी का कहना है कि शहर में कई जगहों पर पार्किंग की आवश्यकता है। कई जगहों पर डिवाइडर बनाने की आवश्यकता है। इसके लिए जिला प्रशासन से बात की गई है। कुछ जगहों पर कैल्पिक पार्किंब बनाने पर विचार चल रहा है। जल्द ही बस स्टैंड में पार्किंग भी शुरू होगी। रही बात रांग पार्किंग की तो शहर में काफी जगहों पर रांग पार्किंग होती है। इस पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।