जम्मू।
नम आंखों और भावुकता से शहीद पुलिस कर्मियों के आगे तमाम पुलिस अफसरों और जवानों के शीश झुक गए। पुलिस दिवस के मौके पर बुधवार को जम्मू के गुलशन ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जम्मू जोन के आईजी मुकेश सिंह ने शहीदों को पुष्पांजलि भेंट कर सलामी दी। उनके अलावा एसएसपी जम्मू समेत अन्य बड़े पुलिस अफसरों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में पहुंचे शहीद पुलिस कर्मियों के परिवार को आईजी की ओर से सम्मान दिया गया। सम्मानत लेते वक्त शहीद परिवार के सदस्यों की आंखें नम हो गई।
सुबह सबसे पहले आईजी ने पुलिस अफसरों के साथ रेलवे स्टेशन जम्मू स्थित पुलिस मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद गुलशन ग्राउंड में आयोजित परेड में हिस्सा लिया। उल्लेखनीय है कि 1959 में लेह में पीप्लस लिब्रेशन आर्मी के हमले में सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर करम सिंह समेत 10 कर्मी शहीद हो गए थे। तब से 21 अक्तूबर को हर साल पुलिस दिवस मनाया जाता है। जम्मू के अलावा आसपास के पुलिस केंद्रों में भी पुलिस दिवस मनाया गया।
264 शहीद जवानों को याद किया
कार्यक्रम के दौरान आईजी जम्मू ने पिछले एक साल में विभिन्न पुलिस बलों की ओर से शहीद होने वाले जवानों को याद किया। सीआईएसएफ, बीएसएफ, पीएमएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, एनसीबी, एनडीआरएफ, होमगार्ड के 264 जवान पिछले एक साल में शहीद हुए। इनके आईजी ने नाम पढ़कर श्रद्धांजलि दी। कहा कि इन शहीदों की कुर्बानी सुनहरे अक्षरों में लिखी गई है। यह एक इतिहास हैं, जो युगों युगों तक याद किए जाएंगे। कार्यक्रम में रिटायर पुलिस अफसरों, गणमान्य लोगों ने भी हिस्सा लिया।
खेलों का आयोजन शुरू किया
शहीदों की याद में पुलिस की ओर से कई शहीदी खेल टूर्नामेंट शुरू की गई है। ताकि युवाओं में खेलों को प्रमोट किया जा सके। वह शरीरिक रूप से भी फिट रह सकें। संभाग स्तर पर खेलों का आयोजन किया जा रहा है।
शहीद परिवारों से मिले आईजी
कार्यक्रम में जम्मू संभाग से कई शहीद पुलिस कर्मियों के परिवार पहुंचे हुए। आईजी ने इन लोगों से मुलाकात की और इनकी समस्याओं को सुना। कई परिवारों ने पेंशन जैसे मामलों को उठाया।
मोमबत्तियां जलाकर याद किया
देर शाम को जम्मू के रेलवे स्टेशन स्थित पुलिस मेमोरियल स्थल पर सैकड़ों पुलिस कर्मी और उनके परिवार पहुंचे। शहीद पुलिस कर्मियों और अफसरों के परिवार भी पहुंचे और मोमबत्तियां जलाकर शहीदों को याद किया गया। पुलिस अफसर के परिवार शहीद पुलिस कर्मियों के परिवारों से भी रूबरू हुए और उनके सुख दुख को सांझा किया।
अधैसनिक बलों ने भी श्रद्धांजलि दी
बीएसएफ की ओर से पलौड़ा मुख्यालय, सीआरपीएफ की ओर से बन तालाब मुख्यालय, एसएसबी और सीआईएसएफ समेत अन्य बलों की ओर से भी बुधवार को पुलिस दिवस के उपलक्ष्य पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। बीएसएफ के आईजी एन एस जमवाल ने अन्य अफसरों के साथ शहीदों की कुर्बानी को याद किया। कहा कि देश के लिए जान देने वालों का इतिहास अतुल्य है। उनकी वजह से सरहदें और हमल सुरक्षित हैं। वह एक मिसाल कायम करके गए हैं, जिनके नक्षे कदम पर हर एक जवान को चलना चाहिए। सीआरपीएफ के भी कई कमांडेंटों ने अपनी अपनी बटालियन में शहीदों को श्रदांजलि दी।
खासकर पुलवामा हमले में शहीद होने वाले 44 जवानों की शहादत को याद करके सीआरपीएफ के अफसरों और कर्मियों की आंखें नम हो गई। वह भाभुक दिखे और इसका मुंहतोड़ जवाब देने का जज्बा भी दिखा।