अमर उजाला ब्यूरोजम्मू।
श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। धार्मिक स्थलों पर आतंकियों के हमला होने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए कटड़ा माता वैष्णो देवी को जाने वाले तमाम रास्तों पर सीआरपीएफ, पुलिस और सेना की ओर से संयुक्त रूप से जवानों की तैनाती की गई है। जम्मू से कटड़ा और रियासी एवं उधमपुर जिलों से कटड़ा के सभी रास्तों पर सुरक्षा को पुख्ता किया गया है। इसके अलावा जम्मू के बाबे माता मंदिर समेत तमाम प्रसिद्ध मंदिरों की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।सूत्रों का कहना है कि सीमा पार बैठे आतंकी आकाओं ने नवरात्रों में धार्मिक स्थानों और हिंदु बहुल इलाकों में हमला करने की साजिश की है। लिहाजा सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। इसके बाद कटड़ा और अन्य जगहों की सुरक्षा मजबूत की गई है।
जानकारी के अनुसार लखनपुर से लेकर कटड़ा तक नेशनल हाइवे पर 24 घंटे पेट्रोलिंग शुरू की गई है। कटड़ा के आसपास भी यह पेट्रोलिंग होगी। इसके अलावा जम्मू के बाबे मंदिर, श्री रघुनाथ मंदिर, पीरखो मंदिर, रणवीरेश्चवर मंदिर के बाहर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। जम्मू शहर के तमाम चौक चौराहों पर संबंधित पुलिस थानों और पुलिस चौकियों के प्रभारियों को निजी तौर पर मौजूद रहकर सुरक्षा की प्लानिंग करने के लिए कहा गया है।
जम्मू के रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।
आईजी जम्मू मुकेश सिंह ने नवरात्रों को लेकर पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त करने के लिए आदेश दिए हैं। इसके बाद प्रमुख स्थानों पर पुलिस, सीआरपीएफ और सेना की क्यूआरटी टीमें तैनात हुई हैं। जम्मू को बार्डर से जोड़ने वाले सभी लिंक रोड पर भी सुरक्षा को मजबूत किया गया है। तमाम नाकों पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा गया है।