पुंछ जिले में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षाबलों ने ग्रेनेड हमलों में शामिल आतंकी संगठन जम्मू-कश्मीर गजनवी फोर्स (जेकेजीएफ) के दो आतंकियों को गिरफ्तार कर तीन हथगोले और पिस्टल बरामद किया है। इन्होंने पुंछ में सांप्रदायिक सोहार्द बिगाड़ने के लिए धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया था।
एडीजीपी जम्मू आनंद जैन ने शनिवार को पुंछ पुलिस लाइन में बताया कि सुरक्षाबलों ने सुरनकोट में एक नाके पर आतंकी अब्दुल अजीज निवासी हरी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2 जिंदा हथगोले बरामद किए। उसके घर से भी एक और हथगोला मिला। जांच के दौरान अब्दुल के साथी मनवर हुसैन निवासी हरी को पिस्तौल, मैगजीन और 9 राउंड के साथ गिरफ्तार किया। दोनों आतंकी जेकेजीएफ के लिए काम कर रहे थे। दोनों को पुंछ में अलग-अलग जगहों से हथियार, गोला-बारूद और आतंकी फंडिंग की चार खेप मिलीं, जिनकी कीमत 1.5 लाख रुपये है।
एडीजीपी ने बताया कि अब्दुल और मुनव्वर ने जंगल में पिस्तौल चलाने और फायरिंग की ट्रेनिंग भी ली थी। उन्होंने अभ्यास के दौरान कुछ राउंड फायर भी किए थे। पुंछ जिले में पांच स्थानों पर ग्रेनेड हमले में दोनों की भूमिका सामने आई है। दोनों का मुख्य लक्ष्य जिले में शांति और सांप्रदायिक सोहार्द को बिगाड़ना था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडीजीपी के साथ राजोरी-पुंछ रेंज के डीआईजी तेजिंदर सिंह, रोमियो फोर्स सेक्टर 6 के कमांडर एमपी सिंह और एसएसपी पुंछ मुमताज अहमद भी मौजूद थे।
दोनों आतंकियों ने इन जगहों को बनाया था निशाना
एडीजीपी ने बताया कि अब्दुल ने 15 नवंबर 2023 को शिव मंदिर सुरनकोट, 26 मार्च 2024 को गुरुद्वारा महंत साहिब पुंछ नगर, जून 2024 में आर्मी सेंट्री पोस्ट कामसार पुंछ व 14 अगस्त 2024 को सीआरपीएफ सेंट्री पोस्ट के पास स्कूल ग्राउंड में ग्रेनेड हमला किया था, जबकि मुनव्वर ने 18 जुलाई 2024 को जिला अस्पताल क्वार्टर पुंछ पर ग्रेनेड फेंका था। दोनों ने सुरनकोट में सरकारी हाई स्कूल हरी, धुंधक, सनाई, ईदगाह हरी और आसपास क्षेत्रों में 5 व 14 अगस्त 2023 को राष्ट्र विरोधी पोस्टर भी चिपकाए थे। पोस्ट मुनव्वर के घर प्रिंट किए गए थे।
पोथा बाइपास से 12 सितंबर को पकड़ा गया था आतंकी सहयोगी
एडीजीपी के अनुसार इस मॉड्यूल के एक आतंकी सहयोगी मोहम्मद शब्बीर निवासी दरयाला नौशेरा को गत 12 सितंबर को पोथा बाइपास से विस्फोटकों के साथ पकड़ा था। वह भी आतंकी गतिविधियों में शामिल था। शब्बीर को विस्फोटक आतंकवादी अजीज अहमद ने मुहैया कराए थे। इस संबंध में पुलिस थाना सुरनकोट में अलग से मामला दर्ज है और जांच जारी है। जेकेजीएफ से जुड़े दो आतंकियों और उनके सहयोगी की गिरफ्तारी के साथ ही 4 मामले दर्ज किए गए हैं।