jammu kashmir high court kashmir
- फोटो : \
अली मोहम्मद माग्रे बुधवार को जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के पद से रिटायर होने जा रहे हैं। उनकी जगह फिलहाल न्यायाधीश ताछी रबस्टन को कार्यकारी चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है। बता दें, अली मोहम्मद माग्रे इसी वर्ष 13 अक्तूबर को चीफ जस्टिस बने थे। दो महीने से भी कम समय वह इस पद पर रहे। मंगलवार को माग्रे ने जम्मू और कश्मीर दोनों विंग के जजों और पदाधिकारियों को संबोधित किया।
माग्रे का बतौर चीफ जस्टिस बुधवार 7 दिसंबर को अंतिम दिन होगा। इससे पहले मंगलवार को चीफ जस्टिस ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पूरे प्रदेश की अदालतों और न्यायिक अधिकारियों से बात की। सभी ने उनके कार्यकाल पर चर्चा की और बताया कि उनका प्रदेश की न्यायिक व्यवस्था में कितना योगदान है। सभी ने उनके आने वाले भविष्य और अच्छी सेहत के लिए कामना की।
माग्रे ने अपने भावनात्मक संबोधन में न्यायिक अधिकारियों की उनके न्यायिक कार्य के प्रति क्षमता, अखंडता, कड़ी मेहनत, प्रतिबद्धता और करुणा के लिए सराहना की। जोर देकर कहा कि प्रदेश हाईकोर्ट के न्यायिक अधिकारी पूरे देश में किसी से पीछे नहीं हैं, बल्कि कई से आगे हैं। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारियों को न्यायिक संस्थान की शपथ और सिद्धांतों का पालन करते हुए न्याय प्रदान करने के मिशन को आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हासिल की गई उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कहा कि न्यायिक व्यवस्था, कानूनी सेवाओं या आईटी से संबंधित क्षेत्र में ऐसे लक्ष्यों की प्राप्ति अधिकारियों के सक्रिय समर्थन और उनकी प्रतिबद्धता के बिना पूरी नहीं की जा सकती थी।