अमर उजाला ब्यूरो/संवाद
श्रीनगर। सुबह-शाम सर्दी महसूस होने के चलते स्कूलों और न्यायालयों के खुलने और बंद होने का समय बदला गया है। जम्मू संभाग के ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन क्षेत्र के स्कूल एक अक्तूबर से सुबह 9 बजे खुलेंगे और दोपहर को तीन बजे बंद होंगे।
इसी तरह से नवंबर में जम्मू संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूल सुबह 10 से शाम चार बजे तक खुलेंगे। एक और दो अक्तूबर को छुट्टी होने के चलते नया समय तीन अक्तूबर से लागू होगा। कश्मीर संभाग के श्रीनगर में भी स्कूलों के खुलने का समय सुबह 9 से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। इसके अलावा जम्मू हाईकोर्ट और अधीनस्थ अदालतें सुबह 10 बजे खुलेंगी और 4 बजे बंद होंगी। इस बीच अदालतों में दोपहर एक से दो बजे तक लंच ब्रेक रहेगा। शनिवार को जम्मू संभाग के स्कूल शिक्षा विभाग के निदेशक अशोक शर्मा ने नई समय सारिणी जारी करते हुए आदेश दिया कि जो स्कूल नए समय का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। नई समय सारिणी सभी प्राइवेट स्कूलों पर भी लागू होगी।
श्रीनगर-लद्दाख में 10.30 बजे खुलेगा कोर्ट, शाम 4.30 बजे बंद होगा
जम्मू हाईकोर्ट में रजिस्टरी और कार्यालय के काम का पहला सत्र सुबह 9.30 से दोपहर एक बजे तक होगा। इनमें लंच ब्रेक एक से दो बजे तक रहेगी। श्रीनगर और लद्दाख में रजिस्टरी और कार्यालय का समय सुबह 10 से एक बजे तक रहेगा। लंच ब्रेक एक से दो जबकि दूसरा सत्र दो से पांच बजे तक चलेगा। श्रीनगर और लद्दाख में कोर्ट का पहला सत्र 10.30 से दोपहर एक बजे तक और लंच ब्रेक एक से दो बजे होगा। दूसरा सत्र दोपहर दो से 4.30 बजे तक होगा।