खेलो इंडिया जूनियर और सब जूनियर नेशनल महिला वुशू लीग का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। भगवती नगर इंडोर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में रविवार को खेलो इंडिया जूनियर और सब जूनियर नेशनल महिला वुशू लीग का समापन हो गया। इसमें बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हरियाणा की टीम ने वुशू चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा किया है। इसमें जूनियर और सब जूनियर नेशनल महिला वुशू लीग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। मणिपुर सब जूनियर गर्ल्स ताओलू में चैंपियन बना और तमिलनाडु ने जूनियर गर्ल्स ताओलू प्रतियोगिता का खिताब हासिल किया है।
सब जूनियर गर्ल्स सांदा में चंडीगढ़ ने प्रथम और राजस्थान ने द्वितीय रनर-अप ट्रॉफी जीती। असम और हरियाणा सब जूनियर गर्ल्स ताओलू इवेंट में प्रथम और द्वितीय उपविजेता बने, जबकि असम और मध्य प्रदेश ने जूनियर गर्ल्स ताओलू इवेंट में प्रथम और द्वितीय रनर-अप ट्रॉफी अपने नाम की। सब जूनियर गर्ल्स अंडर-14 में हरियाणा की खुशी चैंपियन बनीं, जबकि जम्मू-कश्मीर की हुर्रैन इकबाल ने दूसरा स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र की वृतिका ने तीसरा और चंडीगढ़ की दिलप्रीत कौर ने चौथा स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष राजेश शर्मा मुख्य अतिथि और भारतीय खेल प्राधीकरण (एसएआई) प्रभारी एवं जेएंडके के सहायक निदेशक भानु प्रताप सिंह सम्मानित अतिथि थे। मुख्य अतिथियों ने विजेताओं को ट्रॉफी और चेक देकर सम्मानित किया। इससे पहले वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव विजय सराफ ने एसोसिएशन की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विजेताओं के बीच 22 लाख रुपये के नकद पुरस्कार वितरित किए गए हैं। इस मौके पर द्रोणाचार्य आवार्डी कुलदीप हांडू, वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पर्यवेक्षक सुहैल अहमद, वुशू एसोसिएशन ऑफ जेएंडके के महासचिव बवनीत और कीर्ति धर मौजूद रहीं।