संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के बीच रणजी ट्रॉफी मुकाबले का तीसरा दिन भी खराब मौसम की भेंट चढ़ गया। सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण मैच शुरू नहीं हो सका। इससे पहले खराब मौसम के कारण दूसरे दिन भी खेल नहीं हो सका था। वहीं, पहले दिन मैदान गीला होने के कारण सिर्फ 39 ओवर का ही खेल हुआ था।
इस सीजन रणजी में जेएंडके का घरेलू मैदान पर यह आखिरी मुकाबला है। इससे पहले जेएंडके ने अपने घरेलू मैदान पर प्रतियोगिता में दो मुकाबले खेले हैं और दोनों ही मुकाबले खराब मौसम के कारण पूरे नहीं हो सके था और मैच बेनतीजा रहे। हिमाचल प्रदेश के खिलाफ चार दिन में जहां सिर्फ 65.3 ओवर का ही खेल हो सका था, वहीं, दिल्ली के खिलाफ 42 ओवर ही फेंके गए थे। पहली पारी भी अधूरी रही थी। चौथे दिन के खेल पर भी खराब मौसम का साया बरकरार रहने की संभावना है। ऐसे में अगर मुकाबला बेनतीजा रहता है तो दोनों टीमों के बीच एक-एक अंक बटेंगे। जेएंडके प्रतियोगिता में अभी तक अपराजित रही है। टीम ने चार मुकाबले खेले हैं, जिसमें एक जीत और तीन ड्रॉ शामिल हैं। 11 अंकों के साथ जेएंडके एलीट ग्रुप डी में चौथे स्थान पर है। वहीं, उत्तराखंड एक जीत, दो हार और एक ड्रॉ के साथ सात अंक लेकर छठे स्थान पर है।
हालांकि, जेएंडके ने पहले दिन हुए 39 ओवर के खेल में दो विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए हैं। विवरांत शर्मा 78 और अब्दुल समद 31 रन बनाकर नाबाद हैं। पहले दिन जेएंडके ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों कप्तान शुभम खजूरिया और कामरान इकबाल के विकेट गंवाए। शुभम ने 74 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 58 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि कामरान अपना खाता भी नहीं खोल सके और शून्य रन बनाकर आउट हुए। वहीं, उत्तराखंड के लिए दोनों विकेट दीपक धपोला ने लिए।