जम्मू तवी गोल्फ कोर्स में होगा चार दिवसीय चौथे संस्करण का आयोजन
भारतीय पेशेवरों सहित विदेशी गोल्फर भी लेंगे हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पीजीटीआई जम्मू-कश्मीर ओपन का चौथा संस्करण 23 से 26 अक्टूबर तक जम्मू तवी गोल्फ कोर्स में आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। यह क्षेत्र में गोल्फ पर्यटन को बढ़ावा देने की जम्मू-कश्मीर पर्यटन की पहल का एक हिस्सा है।
इस आयोजन में भाग लेने वाले शीर्ष भारतीय पेशेवरों में अंगद चीमा, शौर्य बीनू, यशस चंद्रा, अभिनव लोहान, ओलंपियन उदयन माने और सार्थक छिब्बर शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में चेक गणराज्य के स्टीफन दानेक और अमेरिकी डोमिनिक पिकिरिलो हिस्सा लेंगे।
पीजीटीआई के सीईओ उत्तम मुंडी ने कहा कि विदेशी गोल्फरों को भारतीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित करना एक शानदार पहल है। जम्मू पर्यटन निदेशक विवेकानंद राय ने कहा कि टूर्नामेंट को लेकर सभी तैयारियां पुरी हो चुकी हैं। यह टूर्नामेंट जम्मू-कश्मीर के पर्यटन कैलेंडर में शामिल किया गया है। ब्यूरो