अंडर-19 महिला टी20 ट्रॉफी : राजकोट में आयोजित मुकाबले में मेघालय को आठ विकेट से हराया
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर अंडर-19 महिला टीम ने टी-20 ट्रॉफी में अपनी पहली जीत दर्ज की। अनन्या डोगरा और मारिया नूरैन की बेहतरीन गेंदबाजी और कप्तान शांभवी राजपूत की शानदार बल्लेबाजी के दम पर टीम ने सनोसारा क्रिकेट ग्राउंड राजकोट में चल रही अंडर-19 महिला टी-20 ट्रॉफी में आज मेघालय को 8 विकेट से हरा दिया।
मेघालय ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर मात्र 55 रन बनाए। कप्तान एम. सिंह (17) और नताशा (12) ने मुख्य योगदान दिया। जबकि अन्य सभी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार करने में विफल रहे। जेएंडके की ओर से अनन्या डोगरा ने चार ओवर में सिर्फ पांच रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि मारिया नूरैन ने चार ओवर में आठ रन देकर दो विकेट लिए।
लक्ष्य के जवाब में जम्मू-कश्मीर ने 9.4 ओवर में दो विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच आठ विकेट से जीत लिया। शांभवी राजपूत ने 33 गेंद पर पांच चौकों की मदद से 28 रन बनाए, जबकि अलीसा जान और भाग्य लक्ष्मी ने 7-7 रन का योगदान दिया। इससे पहले जम्मू कश्मीर ने अपने दो मुकाबले हारे थे।