जम्मू। पहलगाम में आतंकी हमले की घटना के बाद जेएंडके प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन जम्मू की आपातकालीन बैठक बुलाई गई। जिसमें हमले में मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि देते हुए घायल हुए लोगों के स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हमले के विरोध में बुधवार को जिले के सभी सीबीएसई ,जेकेबीओएसई से संबद्ध स्कूल बंद रहेंगे। वहीं जम्मू विश्वविद्यालय में बुधवार को शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी। इस दौरान होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थिगत किया गया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अरशद अली चौधरी की अध्यक्षता में और वरिष्ठ ट्रस्टियों के साथ संरक्षक हाजी अब्दुल हमीद चौधरी की उपस्थिति में बैठक हुई। जिसमें यह निर्णय लिया गया। वहीं गुर्जर देश चैरिटेबल ट्रस्ट में एक तत्काल बुलाई गई बैठक में, कश्मीर के पहलगाम में हुए बर्बर और अमानवीय आतंकवादी हमले पर गहरा दुख जताते हुए घटना की निंदा की गई। ब्यूरो