राजोरी जिले के भंगाई क्षेत्र में सोमवार तड़के संदिग्ध देखे जाने की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों के अनुसार सेना ने ड्रोन कैमरे की मदद से देखा कि क्षेत्र में दो संदिग्ध घूम रहे हैं। छानबीन करने पर पाया गया कि दोनों स्थानीय नहीं हैं।
इसके बाद सुरक्षाबलों ने संयुक्त रूप से पूरे इलाके की घेराबंदी कर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने ड्रोन का प्रयोग भी किया, लेकिन फिलहाल कोई हत्थे नहीं चढ़ा। वहीं सुरक्षाबलों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि वह किसी भी संदिग्ध या अजनबी व्यक्ति को देखते हैं तो तत्काल इसकी सूचना दें। बता दें कि थन्नामंडी के शाहदरा शरीफ भंगाई के घने जंगलों में पहले भी आतंकियों के छिपे होने की खबरें मिलती रही हैं और उक्त इलाके में आतंकियों के साथ मुठभेड़ भी हो चुकी है।