फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: ढांगरी हत्याकांड में तीन पाकिस्तानी आतंकियों व पुंछ के दो मददगार के खिलाफ चार्जशीट

Tue, 27 Feb 2024 02:07 AM IST
जम्मू और कश्मीर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जम्मू
विज्ञापन
विज्ञापन
-साजिद जट्ट, मोहम्मद कासिम और अबू कताल ने दिया था अल्पसंख्यकों को मारने का निर्देश
विज्ञापन

-एनआईए ने यूएपीए और आईपीसी की विभिन्न धाराओं में आरोप तय, किशोर आतंकी की रिपोर्ट किशोर न्याय बोर्ड को सौंपी जाएगी
-2023 में राजोरी के ढांगरी में दो बच्चों सहित सात निर्दोष नागरिकों की हुई थी हत्या

संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। जनवरी 2023 में हुए ढांगरी नरसंहार मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार को लश्कर-ए-ताइबा (एलईटी) के तीन फरार पाकिस्तानी आकाओं सहित पांच आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। आरोपपत्र में शामिल सैफुल्ला उर्फ साजिद जट्ट उर्फ अली उर्फ हबीबुल्लाह उर्फ नुमान उर्फ लंगड़ा उर्फ नौमी, मोहम्मद कासिम और अबू कताल उर्फ कताल सिंधी तीनों लश्कर-ए-ताइबा के संचालक हैं जबकि अबू कताल और सजीत जट्ट पाकिस्तानी नागरिक हैं। कासिम 2002 के आसपास घुसपैठ कर पाकिस्तान भाग गया था और वहां लश्कर में शामिल हो गया था। एनआईए की जांच में पाया गया है कि साजिद जट्ट, मोहम्मद कासिम और अबू कताल ने अल्पसंख्यक समुदाय के निर्दोष नागरिकों के साथ सुरक्षाबलों को पाकिस्तान स्थित आकाओं के निर्देशों पर निशाना बनाया।

सैफुल्ला उर्फ साजिद जट्ट वर्तमान में उच्च पदस्थ लश्कर कमांडर है और अन्य दो के साथ मिलकर पाकिस्तान की ओर से समग्र साजिश रचने के लिए जिम्मेदार है। मोहम्मद कासिम वर्तमान में उच्च पदस्थ लश्कर कमांडरों का दाहिना हाथ है। अबू कताल 2002-03 में भारत आया था और अन्य आतंकवादियों के साथ पुंछ-राजोरी रेंज में सक्रिय रहा। अन्य दो आरोपी निसार अहमद उर्फ हाजी निसार और मुश्ताक हुसैन उर्फ चाचा, दोनों लश्कर के ओवरग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) हैं और जिला पुंछ के मोहरा व गुरसाई के रहने वाले हैं। दोनों को एनआईए द्वारा जांच के दौरान गिरफ्तार किया कर लिया गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि इन्होंने अबू कताल के निर्देश पर आतंकवादियों को रसद दिया था। एक किशोर जिसे अपराधियों की सहायता करने और आतंक को बढ़ावा देने के आरोप में पकड़ा गया था, उसने ढांगरी में हमले के बाद लगभग तीन महीने तक आतंकवादियों को भोजन, आश्रय और अन्य प्रकार की रसद सहायता प्रदान की थी।
विज्ञापन


ओजीडब्ल्यू निसार को भेजी गई थी आतंकियों के लिए हथियारों, गोला-बारूद और नकदी की खेप
आरोपियों ने पाकिस्तान स्थित लश्कर कमांडरों के साथ बातचीत के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को नष्ट करके सबूत छिपाने का भी प्रयास किया था। चार्जशीट में बताया गया है कि पाकिस्तान स्थित आकाओं ने आतंकवादियों के लिए हथियारों, गोला-बारूद और नकदी की खेप ओजीडब्ल्यू निसार को भेजी थी। निसार भारत में रहने के दौरान अबू कताल के संपर्क में आया था। पाकिस्तान लौटने के बाद भी वह अबू कताल के संपर्क में रहा। सोमवार को दायर की गई चार्जशीट में गिरफ्तार किए गए दो वयस्क आरोपियों और पाक स्थित हैंडलर्स पर यूएपीए अधिनियम और आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। पकड़े गए किशोर के खिलाफ अंतिम रिपोर्ट उचित समय पर माननीय किशोर न्याय बोर्ड, राजोरी को सौंपी जाएगी।
विज्ञापन


1 जनवरी 2023 को हुआ था ढांगरी नरसंहार
जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 2023 को राजोरी जिले के ढांगरी गांव में आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर अल्पसंख्यकों का नरसंहार कर दिया था। हमले के दूसरे दिन आतंकियों ने आईईडी विस्फोट किया था। दोनों हमलों में दो बच्चों सहित सात निर्दोष लोगों की जान चली गई थी और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें