शहीदी चौक पर भाजपा और आयकर विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों की पुलिस से धक्का-मुक्की, कंटीले तार और बेरिकेड लगाकर रोका
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश कांग्रेस की ओर से सोमवार को शहीदी चौक स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर भाजपा और आयकर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। कंटीले तार और बेरिकेड लगा कर दर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारी कांग्रेस के खातों को सीज करने का विरोध कर रहे थे। वक्ताओं ने भाजपा पर देश में लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए एआईसीसी जम्मू-कश्मीर के प्रभारी भरत सिंह सोलंकी, जेकेपीसीसी अध्यक्ष विकार रसूल वानी, एआईसीसी संयुक्त सचिव मनोज यादव और कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला ने भाजपा पर हमला होला। आरोप लगाया कि देश में चुनाव के दौरान एक साजिश के तहत पार्टी के खातों को अवैध और मनमाने ढंग से सीज करके चुनाव प्रक्रिया से कांग्रेस को आर्थिक रूप से कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे आयकर विभाग के कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण विरोध करने जा रहे थे, लेकिन भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। सरकार विपक्ष को कंटीले तार लगाकर रोक रही है। चुनाव के दौरान आयकर विभाग विपक्ष के प्रति इतना सक्रिय क्यों हुआ है। सोलंकी ने आरोप लगाया कि देश में विपक्ष के खिलाफ भाजपा और मोदी सरकार मनमानी, अवैध और प्रतिशोधात्मक कार्रवाई कर रही है। शीर्ष विपक्षी नेताओं को आम चुनावों के बीच ईडी की कार्रवाई से गिरफ्तार किया जा रहा है या धमकियां दी जा रही हैं।
प्रदेशाध्यक्ष वानी ने कहा कि भाजपा बुरी तरह से चुनाव हार रही है। पार्टी के खातों से अवैध ढंग से करोड़ों रुपये निकाल लिए गए हैं। भाजपा ने चुनावी बांड योजना के माध्यम से भारी भरकम धन इकट्ठा किया है। कार्यकारी अध्यक्ष व पार्टी प्रत्याशी रमण भल्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र की गौरवशाली परंपराओं को नष्ट करने का काम कर रही है। इस बीच पार्टी नेताओं द्वारा हस्ताक्षरित एक ज्ञापन जिला मजिस्ट्रेट जम्मू के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति को सौंपा गया। प्रदर्शन में बलवान सिंह, रवींद्र शर्मा, योगेश साहनी के साथ पीसीसी, डीसीसी शहरी और जम्मू ग्रामीण, फ्रंटल विंग के वरिष्ठ पदाधिकारी और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल रहे।