जम्मू। आगामी लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी जम्मू-कश्मीर व लद्दाख की सभी छह लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसे लेकर पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को प्रदेश अध्यक्ष दर्शन राणा ने उधमपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
राणा ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी जम्मू संभाग की सभी लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी, जिसके लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार रहें। लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनाव में भी पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार उतारेगी। आगामी चुनाव के मद्देनजर प्रदेशभर में बहुजन समाज पार्टी द्वारा जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत उधमपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की गई है। इस मौके पर उपाध्यक्ष चरणजीत चरगोत्रा, हरिचंद थापा, सतपाल बबोरिया और कुलदीप चलोत्रा आदि मौजूद रहे।