दोमाना। मढ़ विधानसभा क्षेत्र के किसानों को धान की रोपाई के लिए मजदूरों की कमी से जूझना पड़ रहा है। बरसात शुरू होते ही धान लगाने का काम हर तरफ शुरू हो चुका है, लेकिन अभी तक दर्जनों किसानों ने धान की रोपाई शुरू नहीं की है। इसका कारण मजदूरों की कमी को बताया जा रहा है। पता चला है कि दूसरे राज्यों से मजदूर पहुंच नहीं रहे हैं। हर दिन किसानों के झुंड विभिन्न बस स्टाप, रेलवे स्टेशनों पर पहुंच कर श्रमिकों की राह देखते हैं, लेकिन उनको मजदूर नहीं मिल पा रहे हैं। यहां तक कि लखनपुर तक भी किसान श्रमिकों की तलाश में जा रहे हैं।
किसान बिल्ला राम, निर्मल सिंह और देव राज ने कहा कि धान लगाने के लिए मजदूरों का न मिलना सबसे बड़ी समस्या बन रहा है। उन्होंने कहा कि धान की रोपाई का काम पारिवारिक सदस्यों की मदद से पूरा नहीं किया जा सकता। भले ही वर्तमान मौसम को देखते हुए किसान अपने परिवार के बल पर धान लगाने का काम कर रहे हैं, लेकिन जब तक प्रवासी श्रमिकों का क्षेत्र में पहुंचना शुरू नहीं होगा तब तक धान की रोपाई का काम तेज नहीं होगा।