-ट्रैकिंग अभियान के दौरान बीमार पड़ गया था क्रिस्टो
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू/लेह। जर्मनी के एक पर्यटक को ट्रैकिंग अभियान के दौरान बीमार पड़ने के बाद संकटकालीन कॉल पर पुलिस ने दक्षिण लद्दाख के एक दूरदराज के इलाके से बचा लिया।
पुलिस ने बताया कि उन्हें 19 सितंबर को हिमाचल प्रदेश सीमा के पास कोरजोक से 75 किमी दूर न्योमा उपखंड में नूरबो सुमदो से जर्मन नागरिक क्रिस्टो के फंसे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उसे बचाने का काम शुरु किया गया। पुलिस द्वारा साझा किए गए एक वीडियो संदेश में जर्मनी के पर्यटक ने बचाव कर्मियों की प्रशंसा की और बताया कि ट्रैकिंग के दौरान वह बीच रास्ते में अचानक बीमार पड़ गया। उसने बचाव के लिए मदद लेने का फैसला किया। उसने कहा कि पुलिस टीम ने बहुत मदद की क्योंकि वहां कोई सड़क नहीं थी और ट्रैक में आमतौर पर एक दिशा से दूसरी तक पहुंचने में पांच दिन लगते हैं। उन्होंने कहा कि लद्दाख के लोग भी बहुत मैत्रीपूर्ण हैं। पुलिस ने बताया कि क्रिस्टो का फिलहाल न्योमा के सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।