रामबन: बारिश के चलते 10वीं कक्षा तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश
रामबन जिला प्रशासन ने जिले भर में जारी भारी बारिश के बीच 10वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को दिन भर के लिए बंद करने का आदेश जारी किया है। रामबन उपायुक्त मुसरत इस्लाम ने 10वीं कक्षा तक के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया। हालांकि, शिक्षक अपनी सेवाएं जारी रखेंगे।
28 जून तक बिगड़ा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर में मानसून की शुरुआत की घोषणा की। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 25 से 28 जून तक आम तौर पर बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर रुक-रुक कर और कई जगह हल्की से मध्यम गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
भारत के कई राज्यों में मॉनसून पर अपडेट करते हुए आईएमडी ने रविवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून भारत के कई राज्यों में पहुंच चुका है। आईएमडी के महानिदेशक डॉ मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि अगले दो दिनों में मानसून आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा, “दक्षिण-पश्चिम मानसून अब सक्रिय है। इसने मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र को कवर कर लिया है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, पंजाब और जम्मू के कुछ हिस्सों में भी मानसून आ गया है। यह अगले 2 दिनों में आगे बढ़ेगा और अन्य हिस्सों को भी कवर करेगा।”