फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu Kashmir Weather : बारिश-बर्फबारी से जन-जीवन प्रभावित, नौ जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी, कई जगह स्कूल बंद

Sat, 02 Mar 2024 12:57 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

खराब मौसम के कारण कई पर्वतीय क्षेत्रों में बिजली ढांचा चरमरा गया है। गुलमर्ग-सोनमर्ग समेत तमाम ऊपरी इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। कश्मीर में शीतलहर के साथ प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में फिर ठंडक का अहसास बढ़ा है। 
 
विज्ञापन
Gulmarg - फोटो : बासित जरगर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर के अधिकांश पर्वतीय और मैदानी इलाकों में बारिश और बर्फबारी जारी है जिससे जन-जीवन प्रभावित हुआ है। खराब मौसम के कारण कई पर्वतीय क्षेत्रों में बिजली ढांचा चरमरा गया है। गुलमर्ग-सोनमर्ग समेत तमाम ऊपरी इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। कश्मीर में शीतलहर के साथ प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में फिर ठंडक का अहसास बढ़ा है। 

विज्ञापन


मौसम के मिजाज को देखते हुए डोडा, किश्तवाड़ और रामबन में स्कूलों में अगले दो दिन तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। भूस्खलन के कारण डोडा-किश्तवाड़ और बटोत-किश्तवाड़ राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है। कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा बाधित है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एकतरफा यातायात बहाल है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार शनिवार भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कुछ इलाकों में मौसम अधिक खराब रहेगा। अगले 24 घंटे के दौरान 9 जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।

कश्मीर के गुलमर्ग, टंगमर्ग, दूधपथरी, जेड गली, साधना टॉप, राजधान टॉप और गुरेज के साथ अन्य कई ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हुई है। जम्मू संभाग के पीर पंजाल क्षेत्र में सफेद चादर बिछी है। डीसी डोडा हरविंदर सिंह ने बताया कि जिलेभर में बारिश और बर्फबारी के कारण दो दिनों के लिए सभी सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है। डोडा क्लस्टर स्कूल प्रमुख नजीर अहमद ने बताया कि व्यावहारिक परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी। दो मार्च को भी विशेष रूप से उत्तर, मध्य और दक्षिण कश्मीर और जम्मू संभाग के पीरपंजाल रेंज के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी से बहुत भारी बर्फबारी हो सकती है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और बारिश हो रही है।
विज्ञापन


जिला उधमपुर, राजोरी, पुंछ, डोडा, किश्तवाड़, कठुआ, रियासी आदि में बारिश हो रही है। पर्यटन स्थल नत्थाटाॅप, सनासर और बसंतगढ़ के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई है। जिला कठुआ के बनी के ऊपरी इलाकों में बर्फ गिरी है। जम्मू में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश हुई। यहां दिन का तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री गिरकर 18.3 और न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम पारा माइनस 5.2 और गुलमर्ग में माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अन्य जगह रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है।

ऊंचाई वाले इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह
जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जेकेडीएमए) ने अगले 24 घंटों के लिए शनिवार तक नौ जिलों के ऊंचे इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा, बारामुला और कुपवाड़ा, मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में 2200 मीटर से ऊपर मध्यम खतरे स्तर का हिमस्खलन होने की संभावना है। जम्मू संभाग के डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन और रियासी जिलों में 2200 मीटर से ऊपर रहने वाले लोगों के लिए भी इसी तरह की चेतावनी जारी की गई है। अधिकारियों ने इन जिलों में रहने वाले लोगों से किसी आपात स्थिति में मदद के लिए 112 नंबर डायल करने को कहा है।

दिन का पारा भी सामान्य से 5 से 7 डिग्री गिरा
मौसम में आए बदलाव से दिन और रात के पारे में फिर गिरावट आएगी। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार को दिन का पारा सामान्य से 5 से 7 डिग्री नीचे चला गया। बनिहाल में दिन का तापमान 10.0, बटोत में 11.0, कटड़ा में 16.0 और भद्रवाह में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर में शीत लहर जारी है। श्रीनगर में बारिश के साथ दिन का तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 7.6 डिग्री सेल्सियस और वीरवार की रात का पारा 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में दिन का तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री गिरकर 4.2 और गुलमर्ग में सामान्य से 1.3 डिग्री गिरकर 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें