पुंछ में पिछले तीन दिन से जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई भारी बर्फबारी के बाद मौसम साफ है। इस चलते मंडी तहसील के ऊंचाई वाले क्षेत्रों सावजियां एवं लोरन में स्थित पर्यटन स्थलों पर बर्फ का आनंद लेने के लिए पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है।
सावजियां के गली मैदान और लोरन के सुलतान पत्थरी क्षेत्र में सैकड़ों पर्यटक बच्चे, युवा एवं महिलाएं दिन भर क्षेत्र में बिछी दो फुट मोटी बर्फ की चादर पर मौजमस्ती करते व एक दूसरे पर बर्फ के गोले दागते एवं क्षेत्र के हसीन नजारों को कैमरों में कैद करने नजर आते रहे।
इससे पिछले तीन दिनों से बर्फबारी के कारण परेशान स्थानीय लोगों विशेष कर छोटे मोटे दुकानदारों में भी भारी खुशी देखने को मिली। इन दुकानदारों का खूब कारोबार चला। दुकानदारों कहना था कि इस बार क्षेत्र में अब जनवरी के आधे महीने में अच्छी बर्फबारी हुई है।
इसके बाद आज यहां बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंचे हैं। हर बार यहां दिसबंर के शुरू में ही बर्फबारी हो जाती थी और लोगों का यहां आना जाना शुरू हो जाता था। मौसम सफ होने के कारण यहां सैकड़ों लोग घूमने के लिए आए हैं। उधर बर्फबारी का आनंद लेने आए सभी लोग काफी खुश नजर आ रहे थे।
इन पर्यटकों में शामिल तीक्षण बाली, रमेश बाली, इबरार अहमद, रंजीत सिंह, सुहानी, रसमीत कौर आदि का कहना था कि पुंछ में बर्फबारी के मौसम में घूमने के मौज मस्ती करने के काफी अच्छे अच्छे पर्यटन स्थल हैं।
गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम, पटनीटॉप और मनाली जाने के बजाए लोगों का यहां आना चाहिए। यहां हर तरफ बर्फ के बीच खूबसूरत नजारे हैं, किसी प्रकार का कोई शोरशराबा नहीं प्रदूषण नहीं प्राकृतिक का अनमोल खजाना हर तरफ बिखरा हुआ है।
हम चाहते हैं कि पुंछ जिले के गली मैदान, सुलतान पत्थरी, सिब और डन्ना जैसे बर्फबारी वाले पर्यटन स्थलों पर पर्यटन विभाग सुविधाएं कैफटेरिये, रेस्टोरेंट और रात को ठहरने के लिए हट्स बनवा दे, तो यहां हर कोई आ सकता है।
हर कोई चाहता है ऐसी हसीन जगहों पर एक दो दिन ठहरे। यहां सुविधाएं न होने के कारण हमें सुबह जल्दी आना पड़ता है और कुछ ही घंटों में वापस लौटना पड़ता है।