स्मार्ट सिटी में अब स्मार्ट बस दौड़ती नजर आएगी। श्रीनगर स्मार्ट सिटी लिमिटेड (एसएससीएल) द्वारा इसकी ट्रायल रन इस सप्ताह की जाएगी। ऐसी करीब 100 बसें श्रीनगर में अक्टूबर तक सड़कों पर दौड़ेंगी। एसएससीएल के चीफ इंजीनियर इफ्तिखार ककरू ने बताया, अभी एक स्मार्ट बस प्रोटोटाइप के तौर पर यहां पहुंची है। इ
सकी ट्रायल के बाद आहिस्ता-आहिस्ता अन्य बसें भी यहां पहुंचेगी। कुल 100 बसें आनी हैं। यह अलग-अलग बैच में आएंगी। इसका पूरा शेड्यूल नहीं दिया है, लेकिन उम्मीद है कि अगले दो महीने में सभी बसें यहां पहुंचेंगी। उन्होंने कहा, पहला बैच 10 गाड़ियों का अगस्त के पहले सप्ताह में यहां पहुंचेगा।
रूट पर चलने वाली मौजूदा बस सेवा, यात्रियों का रश आदि के आधार पर रूट की स्टडी की है। अभी पूरी तरह से यह फैसला नहीं लिया गया है कि किस रूट पर बसें चलेंगी। लेकिन जब आएंगी, तो इन बातों को ध्यान में रखते हुए इन्हें चलाया जाएगा। यह ई-बस है और जीरो पॉल्यूशन है।
इस बस में निशुल्क वाईफाई सुविधा, महिला सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित होंगी। साथ ही साथ यह बस ऑल वेदर बस है। इसमें गर्मी के बीच एसी और सर्दी के लिए हीटर लगाए गए हैं। इफ्तिखार ककरू के अनुसार यह बस लंबाई के लिहाज से दो प्रकार की हैं।
एक 9 मीटर और एक 12 मीटर की है। 9 मीटर डाउनटाउन श्रीनगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र, जहां सड़कें और गलियां थोड़ी तंग हैं, वहां चलेंगी, जबकि 12 मीटर लंबी बसें श्रीनगर के मेन रूट पर चलेंगी। इनके लिए चार्जिंग स्टेशन भी बनाए गए हैं। मुख्य स्टेशन श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र पंथा चौक में बनाया गया है। इसके अलावा एक डाउनटाउन में बनाया जाएगा, जो टॉप अप चार्जिंग के लिए होगा।