पुरानी पुंछ में सर्च ऑपरेशन के दौरान
- फोटो : मुनीष शर्मा
पुंछ जिले के मेंढर उपजिला में भाटादूडियां और तोता गली के निकटवर्ती केरी क्षेत्र में रविवार तड़के सुरक्षा बलों के तलाशी अभियान के संदिग्ध गोलीबारी की घटना सामने आई। इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से करीब दो घंटे तक जमकर गोलीबारी हुई।
इस गोलीबारी के दौरान उजाला होने पर सुरक्षा बलों ने इलाकों की मस्जिदों से एनांउसमेंट करवा लोगों को घरों के भीतर ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। सेना ने मोर्चा संभालते हुए क्षेत्र की घेराबंदी कर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया है।
पुंछ के मेंढर में 20 अप्रैल को सैन्य वाहन पर आतंकी हमले में पांच जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद लगातार पूरे इलाके में सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान चल रहा है। सुरक्षाबलों ने भाटादूड़ियां, नाढ़खास और तोता गली के जंगलों में अपना अभियान जारी रखा है।
पूरे इलाके को सेना, पुलिस, एसओजी और सीआरपीएफ के साथ कमांडो खंगालने में जुटे हैं। सुरक्षाबलों ने हमले के करीब 230 संदिग्धों से पूछताछ की है। इनमें से आतंकियों के छह मददगारों की पुष्टि हुई है। जिन्होंने हमलावर आतंकियों का सहयोग किया था।