अनंतनाग। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नारको आतंकवाद पर शिकंजा कसा है। अनंतनाग जिले में कुख्यात तीन नशा तस्करों की एक करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। कुर्क की गई कुल संपत्ति में तीन मकान और दो कनाल जमीन शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने श्रीगुफवारा में नशा तस्कर बिलाल अहमद राथर का एक मंजिला आवासीय घर और एक कनाल जमीन कुर्क की है। इसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये है। सिरहामा में मोहम्मद अशरफ गनई की एक कनाल भूमि और मकान जब्त किया है। इस संपत्ति की कुल कीमत 40 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ऐशमुकाम में रौफ अहमद नंदा का 40 लाख रुपये मूल्य का एक आवासीय मकान जब्त किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि यह संपत्ति आरोपियों ने नशा तस्करी से अर्जित आय से बनाई है।